गाजीपुर। पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले में तीन लाख 40 हजार 265 नौनिहालों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ सदर स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने नौनिहालों को दवा पिला कर किया।
पल्स पोलियो अभियान में जिले का लक्ष्य पांच लाख 46 हजार 547 बच्चों को दवा पिलाने का है। इसके तहत रविवार को कुल तीन लाख 40 हजार 265 नौनिहालों ने पोलियो की खुराक पी। अपर सीएमओ डा. आरके सिन्हा ने बताया कि जिले में दो हजार बूथ बनाये गए थे। 85 मोबाइल टीमें कार्य कर रही थीं। 64 टीमें विभिन्न जगहों रेलवे स्टेशन, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक जगहों आदि पर लगी रहीं। इसके अलावा 948 टीम घर-घर जाकर चिन्हित नौनिहालों को सोमवार से डोर-टू-डोर दवा पिलाएंगी। इस अवसर पर सीएमओ डा. जीसी मौर्या, डिप्टी सीएमओ डा. एसके शाही, डा. डीपी सिन्हा, डब्ल्यूएचओ के अनूप सिंह, बीपीएम प्रभुनाथ, अमित राय उपस्थित थे।