दिलदारनगर (गाजीपुर)। दानापुर के मुख्य सुरक्षा आयुक्त चंद्रमोहन मिश्र के आदेशानुसार रेलवे स्टेशन पर दूसरे रविवार को भी रेल जागरूकता अभियान चलाया गया। स्थानीय रेलवे सुरक्षा बल के उप निरीक्षक श्यामबिहारी द्विवेदी के नेतृत्व में चले अभियान में स्टेशन पर रुकने वाली अप-डाऊन की विभिन्न ट्रेनों एवं स्टेशन पर रेल जागरूकता अभियान के तहत यात्रियों को जागरुक किया गया।
यात्रियों को अवगत कराया गया कि यात्रा के दौरान अगर कोई परेशानी एवं असामाजिक तत्व किसी किस्म की बाधा पहुंचाता है तो इसकी सूचना तत्काल रेल कंट्रोल एवं 182 यात्री सुरक्षा हेल्प लाइन पर देकर सूचित करें। यात्रा के दौरान किसी भी अपरचित व्यक्ति से मेल-मिलाप न करें न ही उनके द्वारा दिया गया कोई भी पेय पदार्थ, खाने की वस्तु ग्रहण करें। बिना किसी पर्याप्त कारण के चेन पुलिंग न करें। बताया कि यात्रा कर रही महिलाओं से भी छेड़छाड़ से संबंधित शिकायत को 182 हेल्प लाइन से रेलवे सुरक्षा बल को अवगत कराएं, जिससे अविलंब आप लोगों की सहायता की जा सके। जागरुकता अभियान में उप निरीक्षक श्याम बिहारी, सह उपनिरीक्षक कैलाश प्रकाश सिंह , योगेन्द्र सिंह, आरक्षी मनोज कुमार राय, कविंद्रनाथ, पवन यादव, गोपाल चौहान आदि शामिल थे ।