गाजीपुर। किसी ने पुलिस सेवा में अपनी जिम्मेदारी निभाकर पहचान बनाई तो किसी ने चिकित्सा और खेल के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कीं। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मान मिला।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 12 महिलाओं और बालिकाओं को पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा और क्षेत्राधिकारी नगर अनिल कुमार मौजूद रहे।
इसमें महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण पर जोर दिया गया। महिला पुलिसकर्मियों, डॉक्टरों, खिलाड़ियों और मेधावी छात्राओं के कार्यों की सराहना की गई। स्कूली छात्राओं ने नाटक और गीतों के माध्यम से महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश दिया।