जंगीपुर (गाजीपुर)। जंगीपुर बाजार में बुधवार को विद्युत कर्मी बनकर बिजली चेकिंग के दौरान लोगों ने चार युवकों को पकड़ लिया था, जबकि दो चकमा देकर भाग निकले थे। फर्जी वसूली करने वालों ने विभिन्न लोगों से 96 हजार सात सौ वसूल किया था। फंदे में आए फर्जी कर्मियों ने देर रात लोगों को 31 हजार पांच सौ रुपया लौटाया। लोगों के पास अपनी एक बाइक बंधक रखते हुए गुरुवार को बचा पैसा लौटाने की बात कही। इस पर लोगों ने युवकों को छोड़ दिया। देर शाम समाचार लिखे जाने तक वो युवक लौटकर नहीं आए थे।
जंगीपुर बाजार में लखनऊ विद्युत विभाग की जांच टीम बताकर करीब आठ की संख्या में युवक घरों और दुकानों के बिजली कनेक्शनों की जांच कर रहे हैं। इस दौरान उनकी तरफ से बड़े बकाएदारों को इस बात की धमकी दी जा रही थी कि यदि पैसा जमा नहीं किया तो कनेक्शन काटने के साथ ही आरसी जारी कर एफआईआर कराया जाएगा। इस पर जब लोग गुहार लगा रहे थे कि टीम में शामिल लोगों द्वारा यह कहा जा रहा था कि कुछ पैसा जमा कर दीजिए, बाकी का बाद में दीजिएगा। ऐसा करते 33 लोगों से 96 हजार सात सौ रुपया वसूल कर लिया था। पैसा का किसी को कोई रसीद भी नहीं दी। शंका होने पर लोगों ने बुधवार नगर पंचायत चेयरमैन के प्रतिनिधि लालजी गुप्ता को मामले से अवगत कराया। इस पर उन्होंने टीम के चार लोगों से पूछताछ करते हुए कहा कि वसूली की रसीद लोगों को क्यों नहीं दे रहे हैं। इस पर टीम में शामिल दो युवक वहां से यह कहकर निकल लिए कि रसीद लेकर आ रहे हैं। जबकि दो युवकों ने लोगों ने पकड़े रखा। लालजी गुप्ता ने तत्काल इसकी सूचना एसडीओ आशीष गुप्ता को दी थी तो उन्होंने कहा था कि यह विभाग से संबंधित ठेकेदार के आदमी है। इन लोगों को छोड़ दीजिए। बावजूद इसके लोगों ने युवकों को नहीं छोड़ा। अपने को फंसता देख देर रात युवकों ने विभिन्न लोगों से वसूली का 31 हजार पांच सौ रुपया लौटाया। बाकी पैसा लौटाने की बात पर यह कहा कि आप लोग हमारी एक बाइक को अपने पास रखिए, बाकी का 62 हजार दौ सौ रुपये लौटाकर बाइक को ले जाएंगे। चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि शाम पांच बजे तक युवक पैसा लौटाने के लिए नहीं आए थे।