दुल्लहपुर(गाजीपुर)। क्षेत्र के देवरीबारी गांव में सफाई कर्मियों के न पहुंचने से नालियां कूड़े-कचरे से पटी थीं। साथ ही मार्ग पर काफी मात्रा में गंदगी फैल गई थी। शनिवार को ग्रामीणों ने श्रमदान कर नाली तथा मार्ग पर फैले गंदगी की साफ-सफाई कर प्रशासन को आईना दिखाया। इसके साथ ही प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
देवरीबारी गांव में मार्ग और नालियों की सफाई न होने से चारो तरफ गंदगी फैली हुई थी। बार-बार ग्राम प्रधान से कहने के बाद भी गंदगी की सफाई न कराए जाने पर ग्रामीणों ने खुद श्रमदान कर सफाई करने का निर्णय लिया। शनिवार को दर्जनों लोग फावड़ा, तगाड़ लेकर घरों से निकल गए और नालियों तथा खड़जा मार्ग की सफाई की। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि गांव में सफाई कर्मियों की तैनाती हो गई है, लेकिन दो वर्ष से उनका दर्शन नहीं रहा है। इसकी वजह से खडंजा मार्ग पर गंदगी फैलने के साथ ही नालियां कूड़े-कचरे से पटी हुई है, जिससे पानी निकासी नहीं हो पा रही है। पानी रुकने से गंदा पानी रास्ते पर बह रहा है, जिससे आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पानी में बदबू आने से संक्रामक बीमारियों का भय सता रहा है। समस्या के समाधान के लिए ग्राम प्रधान और जखनियां विकास खंड अधिकारी को मौखिक अवगत कराया, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। इस उदासीनता की वजह से हम लोगों को श्रमदान कर साफ-सफाई करने का निर्णय लेना पड़ा है। श्रमदान करने वालों में अजीत चौहान, विनय चौहान, दिवाकर चौहान, अतुल चौहान, अमित चौहान, महेंद्र चौहान, सदानंद चौहान, अभिषेक चौहान, सुधीर चौहान, ओमकार चौहान, अजय चौहान, युगल किशोर चौहान, पवन चौहान, रोहन चौहान, आलोक चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, रोहित कृष्ण सहित अन्य ग्रामण शामिल थे।