खानपुर/सैदपुर। उत्तरा खंड के पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में गत रविवार की रात, बादल फटने की घटना में गाजीपुर का भी एक फौजी लापता है। खानपुर थाना क्षेत्र के बभनौली गांव के राजकुमार यादव पुत्र स्व. सोमारू यादव कैलाश मान सरोवर के रास्ते पर स्थापित तीन कुमाऊं रेजीमेंट के अस्थायी कैंप में इन दिनों तैनात हैं। सेना की ओर से एक जेसीओ सहित पांच लापता जवानों में राजकुमार यादव का नाम भी शामिल होने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। परिवार के लोग आंखों में आंसू लिए ईश्वर से राजकुमार के सकुशल होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
मालूम हो कि जब से चीन की सीमा पर भारतीय सेना की सक्रियता बढ़ी है। तबसे सैन्य सामग्रियों को भी सीमा पर पहुंचाने का काम जोरों पर किया जा रहा है। इसी स्थान पर मालपा एवं मागती नाले से सटे क्षेत्र में हवलदार के पद पर ड्राईवर ट्रेड में बभनौली निवासी राजकुमार की तैनाती बीते दो साल से थी। बादल फटने की घटना के कुछ देर बाद ही एक कर्नल रैंक के अधिकारी ने राजकुमार की पत्नी ममता को उनके पति के बादल फटने की घटना में गायब हो जाने की जानकारी दी।परिजन के लोग असजल आखों से राजकुमार के सकुशल होने की ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं। राजकुमार की खबर के लिए पत्नी, मां सहित भाई के कान मोबाइल की घंटी पर लगे हुए है।