गाजीपुर। सेंट जांस स्कूल में कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्य अतिथि वाराणसी धर्म प्रांत के धर्माचार्य डॉ. यूजीन जोसेफ ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में मिसाइल, सौर मंडल, एटीएम मशीन, ड्रोन, कुतुब मीनार, ड्रैगन विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र थे। आर्ट एंड क्राफ्ट में बच्चों ने अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाई।
प्रदर्शनी के आरंभ में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण एवं डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन वृत्त पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर अतिथियों को मुग्ध कर दिया। विद्यालय के छात्र सुमित ने स्वनिर्मित ड्रोन उड़ाकर मुख्य अतिथि पर पुष्प वर्षा कर उपस्थित लोगों को अभिभूत कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने कहा कि यह वैज्ञानिक युग है लेकिन विज्ञान के साथ आध्यात्मिक पक्ष को भी जोड़ना आवश्यक है। प्रख्यात वैज्ञानिक आइंसटीन एवं स्टीफेन हाकिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि ये दोनों विज्ञान और अध्यात्म को साथ लाने के पक्षधर थे। मानव के संपूर्ण विकास के लिए यह आवश्यक है। इस सत्य को बालकों के अंतर्मन में रोपना आवश्यक है। हम अपने अनुभव से उन्हें सिखाएं। हम अनुभव के माध्यम से उन्हें बेहतर भविष्य के लिए तैयार करें। इस अवसर पर एजुकेशन को-आर्डिनेटर फादर जोसेफ, फादर विक्टर, फादर दिलराज, शुभ्रा श्रीवास्तव, मौली, सक्षम आदि उपस्थित थे। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर गुरू संतराज ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।