गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के लार्ड कार्नवालिस के सामने मंगलवार की रात किसी अज्ञात वाहन के टक्कर से विद्युत खंभा टूट गया। इससे पीजी कालेज छात्रावास की बत्ती पूरी तरह गुल हो गई। दूसरे दिन बुधवार को भी खंभे को दुरुस्त न करने और आपूर्ति बाधित रहने से छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र सड़क पर उतर गए और गाजीपुर- करंडा मार्ग पर शाम को सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने शीघ्र आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन देकर एक घंटे बाद जाम समाप्त कराया।
नगर के गोराबाजार में स्थित लार्ड कार्नवालिस के सामने रात में करीब दस बजे किसी ने सड़क किनारे लगे सीमेंट के विद्युत खंभा में टक्कर मार दिया, जिससे वह तार सहित गिर गया। इससे पीजी कालेज छात्रावास की बत्ती गुल हो गई। मौके पर पहुंचे छात्रों ने खंभे को सड़क के किनारे किया और जेई को जानकारी दी। दिन में तीन बजे तक भी खंभे को दुरुस्त कर जब आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने चार बजे गाजीपुर-करंडा मार्ग पर टूटे खंभे के पास सड़क जाम कर दिया। जाम होते ही मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। जानकारी होते ही सदर कोतवाल पहुंच गए। पुलिस छात्रों को समझाने लगी, लेकिन वे तत्काल खंभा को दुरुस्त कराने के की जिद्द पर अड़े रहे। पुलिस ने विभगीय अधिकारियों से बात कर शीघ्र आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिलाया। इस पर एक घंटा बाद जाम समाप्त हुआ। जाम करने वाले छात्रों में प्रांशू सिंह, करन राय, शुभम, वरुण, ऋषि, आशीष, छात्रनेता सम्पूर्णानंद यादव, राहुल, प्रशांत सिंह, मनोज सिंह यादव आदि शामिल थे। इस संबंध में नगर एसडीओ शिवम राय ने बताया कि किसी वाहन की टक्कर से रात में खम्भा टूट गया था। रात होने की वजह से उसे दुुरुस्त करा पाना संभव नहीं हो सका। सुबह ऊर्जा मंत्री के कार्यक्रम की वजह से व्यस्तता थी। शाम को खंभा को दुरुस्त कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई।