सेवराई(गाजीपुर)। करीब बारह दिनों से खंभा टूटने एवं ट्रांसफार्मर जलने की वजह से स्थानीय बाजार में बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। इससे करीब ढाई सौ घरों के लोगों को अंधेरे में रहने को विवश होना पड़ रहा है। लोगों को परेशानी होने के बाद भी विभागीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
सेवराई तहसील मुख्यालय स्थित पानी टंकी के पास बाजार को बिजली आपूर्ति करने के लिए विभाग की ओर से 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। तहसील कार्यालय, यूनियन बैंक, संयुक्त क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, उप डाकघर को बिजली आपूर्ति करने के लिए नहर की पुलिया के पास ढ़ाई सौ केवीए का ट्रांसफार्मर लगवाया है। उसमें आई तकनीकी खराबी के चलते विगत एक सप्ताह से संबंधित संस्थानों सहित तहसील कार्यालय को बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इससे विभिन्न कार्यों से वहां आने वाले फरियादियों को परेशानी हो रही है। बिजली न होने से लोगों के घर में लगे इनवर्टर, कूलर, फ्रिज, टीवी शोपीस पड़े हुए हैं। इस बाबत अधिशासी अभियंता जमानिया विद्युत विभाग खंड चतुर्थ महेंद्र मिश्रा ने बताया कि चंदौली में ट्रैफिक की वजह से ट्रांसफार्मर रुका हुआ है। जो देर रात तक लगा दिया जाएगा और सोमवार से बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।