गाजीपुर। रानी लक्ष्मीबाई बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण का कार्यक्रम राजकीय हाईस्कूल सौरी में चल रहा है। यह प्रशिक्षण तीन माह तक चलेगा। इस प्रशिक्षण का लाभ लेकर छात्राएं मुसीबत के समय अपनी रक्षा स्वयं कर सकेंगी । प्रशिक्षक मोहम्मद मुख्तार की ओर से आत्मरक्षा के लिए छात्राओं को जूडो की विभिन्न विधाओं की जानकारी दी जा रही है। छात्राओं की चोटी पकड़ कर यदि उन पर कोई पीछे से हमला करे तो उससे वह अपना बचाव कैसे कर सकेंगी। इसकी जानकारी प्रशिक्षक की तरफ से छात्राओं को दी गई।
राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव ने कहा कि पिछले 17 अगस्त से यहां पर यह प्रशिक्षण शुरू है। इस प्रशिक्षण से छात्राएं अब तक बचाव की कई विधाएं सीख चुकी हैं। छात्राओं को मुसीबत के समय आत्मरक्षा का एक बेहतर कवच है। छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा की सीखी हुई कई विधाओं का प्रस्तुतीकरण करके दिखाया भी गया। प्रतिदिन एक से दो घंटे तक इस कला का अभ्यास प्रशिक्षक की ओर से कराया जा रहा है।