नई दिल्ली यमुना किनारे शुरू हुए वर्ल्ड कल्चरल फेस्टिवल (डब्ल्यूसीएफ) में 155 देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। एनडीआरएफ आठवीं बटालियन ने पांच अतिरिक्त रिजर्व टीमों की तैनाती कर दी है। शुक्रवार सुबह पांचों टीमें आयोजन स्थल पर पहुंच गईं।
टीमों के साथ मेडिकल रेस्क्यू की एक टीम को भी भेजा गया है। इससे स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों को भी पूरा किया जा सके। इससे पहले डब्ल्यूसीएफ में दो बाढ़ राहत और एक सीबीआरएन टीम की तैनाती की गई थी। दो बाढ़ राहत टीमों के साथ 12 वोट भी भेजी गई हैं।
यमुना किनारे 13 मार्च तक चलने वाले फेस्टिवल में सभी टीमें तैनात रहेंगी। बटालियन कमांडेंट पीके श्रीवास्तव ने बताया कि तीन टीमों के अलावा पांच अतिरिक्त रिजर्व टीमों को भेजा गया है। पांच जनरल रिजर्व टीमों के साथ एक मेडिकल रेस्क्यू टीम भी मौजूद है। एनडीआरएफ की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर हरसंभव प्रयास किए गए हैं।