पब्लिक स्कूलों के तर्ज पर अब प्राइमरी स्कूलों में भी अभिभावकों की फोन डायरेक्ट्री तैयार की जा रही है। स्थानीय स्तर पर होने वाली इस व्यवस्था में 30 मार्च तक सभी प्राइमरी और अपर प्राइमरी विद्यालयों में पढ़ रहे बच्चों के अभिभावकों का नाम और नंबर की डायरेक्ट्री तैयार की जाएगी। एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए सत्र में इसका प्रयोग शिक्षक बच्चों की अनुपस्थिति का कारण जानने के लिए करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. प्रवेश यादव ने बताया कि अभिभावकों का संपर्क नंबर स्कूल की डायरी में मेंटेन करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अभिभावकों का नंबर होने पर बच्चों पर प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष निगरानी रखी जा सकेगी। यदि बच्चा स्कूल नहीं आता अथवा विद्यालय में कुछ भी होता है तो अभिभावकों को तुरंत सूचित किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि अब तक बच्चों के अभिभावकों का नंबर स्कूलों में नहीं लिखा जाता था।
वर्तमान स्थिति में अभिभावकों के पास मोबाइल नंबर होते हैं। ऐसी स्थिति में यदि किसी बच्चे के अभिभावक के पास मोबाइल नंबर नहीं है तो भी उसके किसी निकट रिश्तेदार और पड़ोसी का नंबर नोट किया जा सकेगा। मुरादनगर इंग्लिश मीडियम विद्यालय की प्रिंसिपल नीतू ने बताया कि उनके यहां अभी से फोन डायरेक्ट्री तैयार की जा रही हैं। 31 मार्च को जब परीक्षा परिणाम घोषित होगा तो सभी अभिभावकों को बुलाकर मार्कशीट दी जाएगी। उस दिन भी अभिभावकों के संपर्क नंबर ले लिए जाएंगे।