रेलवे स्टेशन पर बिना एक्सपायरी डेट के बिक रहे जनता खाने की खबर से बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर वेंडरों, दुकानदारों और रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
डीटीएम ने रेलवे के आला अधिकारियों के साथ जब निरीक्षण किया तो जनता खाने के डिब्बे पर एक्सपायरी डेट के साथ दुकान की स्टैंप भी लगी मिली। डीटीएम ने सभी दुकानदारों को निर्देश दिए हैं कि खाने के डिब्बे पर डेट के साथ-साथ उसके तैयार किए जाने के समय का भी उल्लेख किया जाए।
साथ ही उन्होंने सीएमआई को इस पर लापरवाही बरतने वाले वेंडरों और दुकानदारों पर जुर्माना लगाने को कहा है। बता दें कि स्थानीय स्तर पर जनता खाना पैक कर बेचा जाता है। ऐसे में रेलवे अधिकारियों ने डिब्बे पर एक्सपायरी डेट की मुहर या पेन से डेट डालना अनिवार्य कर दिया था।
इसके बावजूद अमर उजाला द्वारा बुधवार को की गई पड़ताल में पता चला कि जनता खाने के पैकेट पर एक्सपायरी डेट की मुहर नहीं लगाई जा रही थी। अमर उजाला में बृहस्पतिवार को प्रकाशित हुई खबर से वेंडर और आला अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
डीटीएम डीके चोपड़ा और एसएस केएल शुक्ला ने टीम के साथ प्लेटफार्म नंबर तीन और चार का निरीक्षण किया तो सभी खाने के डिब्बों पर डेट और मुहर लगी मिली। इस पर डीटीएम ने सभी वेंडरों और दुकानदारों को डेट के साथ समय डालने के निर्देश भी दिए। और सीएमआई को लापरवाही बरतने वाले वेंडरों और दुकानदारों पर जुर्माना लगाने को भी कहा है।