खुद को पुलिसवाला बताकर तीन युवकों ने मुरादाबाद के एक कारोबारी से नवयुग मार्केट में 80 हजार रुपये ठग लिए। वारदात चेकिंग के बहाने पीड़ित को नशीला पदार्थ सुंघाकर अंजाम दी गई। मामले की शिकायत कारोबारी ने पुलिस से की है और पुरानी कारों की सेल परचेज करने वाले युवक पर शक जताया है।
मुरादाबाद के असालतपुर निवासी मोहम्मद शोएब ने बताया कि वह शनिवार को पुरानी कार खरीदने के लिए नवयुग मार्केट आए थे। पुरानी काराें की खरीद फरोख्त करने वाले एक युवक ने उन्हें अपनी दुकान पर बुलाया था। जब वह दुकान पर पहुंचे तो दुकानदार ने कहा कि कार आधा घंटे में आ जाएगी।
आरोप है कि इसी दौरान तीन युवक वहां पर आ गए, खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनके सामान की चेकिंग करने लगे। इस दौरान रुमाल में नशीला सुंघा दिया और बैग में रखे 80 हजार रुपये ले गए।
बदमाशों के जाने के बाद उन्होंने दोबारा बैग की जांच की तो पता चला कि उसमें रखी रकम में से 80 हजार रुपये गायब थे। शोएब को शक है कि वारदात को दुकानदार ने दोस्तों के जरिए अंजाम दिलवाया है, वह दुकानदार को पकड़कर नगर कोतवाली थाने ले गए। एसएचओ कोतवाली धीरेंद्र सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।