दीप्ति से दीवानगी का दावा करने वाला देवेंद्र डासना जेल की सलाखों में अब अपनी एकतरफा ‘लव स्टोरी’ लिख रहा है। जेल सूत्रों की मानें तो वह चाहता है कि उसकी कहानी पर कोई फिल्म बनाए। वह एडोल्फ हिटलर की ऑटो बायोग्राफी का हिंदी वर्जन ‘मेरा संघर्ष’ पढ़ रहा था।
अब कुछ दिन से अरुंधति राय की द गॉड ऑफ स्माल थिंग्स (मामूली चीजों का देवता) का हिंदी वर्जन पढ़ रहा है। स्नैपडील की कंपनी सेक्रेटरी दीप्ति का अपहरण करने के आरोप में 15 फरवरी को गिरफ्तार किए गए देवेंद्र डासना जेल केबैरक नंबर सात में है।
सिहानी गेट कोतवाली में उसने खुद को हिटलर से प्रभावित बताया था। दावा किया था कि उसने हिटलर की ऑटो बायोग्राफी और अरुंधति राय की किताबों का हिंदी वर्जन पढ़ा है। जेल अधीक्षक जयप्रकाश यादव ने बताया कि देवेंद्र ने हिटलर की ऑटो बायोग्राफी का हिंदी वर्जन ‘मेरा संघर्ष’ पढ़ा है, अब वह अरुंधति राय की किताब पढ़ रहा है।
उसे किताबें जेल की लाइब्रेरी से उपलब्ध करा दी गई हैं। बाकी किताबें और कागज-पेन भी उसे देने के निर्देश जेलकर्मियों को दिए गए हैं।
देवेंद्र को रिमांड पर लेने की तैयारी
सिहानी गेट पुलिस देवेंद्र को दो दिन के रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। एसएचओ अवनीश गौतम ने बताया कि दीप्ति अपहरणकांड में पूछताछ के लिए कोर्ट से दो दिन के रिमांड के लिए अर्जी लगाई गई है। अभी रिमांड नहीं मिला है।