एटीएम क्लोन कर ठगों ने राजनगर स्थित आईडीबीआई बैंक मैनेजर धर्मेंद्र साहू के खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए हैं। रकम मुंबई के एक एटीएम से निकाली गई है। मैनेजर ने थाने में शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
उन्होंने एसएसपी से शिकायत की तो रविवार को कविनगर थाने में रिपोर्ट की गई है। पुलिस ठगों की तलाश में जुटी है। संजय नगर निवासी धर्मेंद्र साहू ने बताया कि वह राजनगर स्थित आईडीबीआई बैंक की शाखा में बैंक मैनेजर हैं और इसी शाखा में उनका अकाउंट है।
घटना 13 जनवरी की है। ठगों ने एटीएम कार्ड क्लोन कर मुंर्बई के एक एटीएम से दो बार में उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाले हैं। मोबाइल पर आए मैसेज से उन्हें घटना की जानकारी हुई।
ठगों ने 25 हजार रुपये 13 जनवरी की रात 12 बजे से पहले निकाले, इसके चार मिनट बाद ही 14 जनवरी को खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए हैं। तब कविनगर थाने में उन्होंने शिकायत की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। अब एसएसपी से शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कार्र्ड स्वैपिंग से जानकारी ले रहा गिरोह!
बैंक मैनेजर धर्मेंद्र साहू ने बताया कि घटना से पहले उन्होंने एक मॉल में कार्ड स्वैपिंग के जरिए उन्होंने शॉपिंग की थी। अंदेशा है कि इसी वजह से उनके एटीएम का ब्योरा लीक हुआ है। कार्ड स्वैपिंग उसी जगह से करनी चाहिए, जो जानकार हो।
ठगों का नेटवर्क देश भर में फैला है। वह एक राज्य से ब्योरा लेते हैं और पकड़े जाने के डर से दूसरे राज्यों में एटीएम कार्ड क्लोन कर खाते से रकम निकालते हैं।
एटीएम कार्ड बदलकर ठग लिए चार हजार रुपये
विजयनगर की बागू कालोनी निवासी हेमराज के बैंक खाते से ठगों ने चार हजार रुपये निकाल लिए हैं। वारदात को एटीएम कार्ड बदलकर अंजाम दिया गया। हेमराज ने बताया कि विजयनगर स्थित पीएनबी में उनका खाता है।
शनिवार को वह एटीएम से रुपये निकालने गए थे। एटीएम बूथ में दो युवक मिले। मदद के बहाने उन्होंने एटीएम कार्ड ले लिया और कार्ड खराब होने की बात कह दूसरा एटीएम कार्ड उन्हें थमा दिया। इसके बाद उनके खाते से चार हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर आए मैसेज से ठगी का पता चला। विजयगनर पुलिस से शिकायत की गई है।