नशे में धुत दिल्ली पुलिस का सिपाही कर रहा था गिरनार में घुसने की कोशिश
सिपाही ने सुरक्षाकर्मियों के साथ की मारपीट और गालीगलौज, भेजा गया जेल
कौशांबी। नशे में धुत दिल्ली पुलिस के एक सिपाही ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने की जिद पर जमकर हंगामा किया। कौशांबी स्थित आवास के बाहर मंगलवार देर रात हंगामा कर रहे सिपाही को सुरक्षाकर्मियों ने इंदिरापुरम पुलिस के हवाले कर दिया। सुरक्षाकर्मियों का कहना है कि उसने गिरनार अपार्टमेंट में जबरन घुसने की कोशिश की और गालीगलौज भी की।
एसएचओ इंदिरापुरम के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे गिरनार अपार्टमेंट के बाहर नशे में धुत निठौरी, दिल्ली निवासी नरेश पहुंचा। वह दिल्ली पुलिस के सेंट्रल जोन पीसीआर में सिपाही के पद पर तैनात है। नरेश मुख्यमंत्री से मिलने पर अड़ गया। सुरक्षाकर्मियों के मना करने पर नरेश हंगामा करते हुए जबरन गिरनार अपार्टमेंट में घुसने लगा। वह रोकने वाले सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट पर उतारू हो गया। सूचना पर पहुंची कौशांबी चौकी पुलिस की पीसीआर उसे थाने ले आयी। नरेश पर मारपीट, सार्वजनिक स्थल पर गालीगलौज करने और शराब पीकर उत्पात मचाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई। बुधवार सुबह नरेश को जेल भेज दिया गया।