गाजियाबाद। नवयुग मार्केट स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में पैसे जमा करने को लेकर मारपीट हुई। बैंकवालों का आरोप है कि दो युवकों ने कैशियर सहित दो बैंक कर्मचारियों के साथ मारपीट की। शहर कोतवाल अशोक यादव ने बताया कि राजनगर निवासी दो युवक शुक्रवार शाम करीब चार बजे कैश जमा करने आए थे। कैश काउंटर पर नगदी को लेकर कैशियर से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि दोनों युवक काउंटर के अंदर घुस आए और कैशियर, चपरासी और महिला कर्मचारी के साथ मारपीट कर भागने लगे। एक युवक तो भाग गया, जबकि दूसरा सुरक्षा कर्मियों ने दबोच लिया। पकड़े गए युवक ने बताया कि उसकी मोरटा गांव में राइस मिल है। वह बैंक में डेढ़ लाख की नगदी जमा करने आया था, उसने कैशियर को एक लाख 20 हजार की नगदी जमा करने के लिए दी थी। कैशियर उन्हें 20 हजार की नगदी देने की बात कह रहा था। नगदी में हेराफेरी की बात होने पर उनमें कहासुनी और झगड़ा हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है।