गाजियाबाद। शहरी सीमा में एनएच-58 पर शहरवासियों को सुगम यातायात की सौगात मिलेगी। जीडीए ने राजनगर एक्सटेंशन से लेकर दुहाई तक एनएच-58 को छह लेन करने का प्रस्ताव तैयार किया है। करीब चार किलोमीटर लंबी रोड के दो लेन चौड़ीकरण पर 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे। चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
राजनगर एक्सटेंशन चौराहे से लेकर मुरादनगर तक रोजाना जाम लगना आम बात है। हाईवे के इस हिस्से में कई मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, स्कूल-कालेज, कंपनियां, इंडस्ट्रियल यूनिट्स आदि स्थित हैं। इस कारण रोजाना बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स और कामकाजी लोगों के आवागमन के कारण यहां जाम लगा रहता है।
जीडीए उपाध्यक्ष संतोष यादव ने बताया कि रोड चौड़ीकरण करने का प्रस्ताव अंतिम दौर में है। रोड निर्माण के साथ ही विद्युत पोल्स शिफ्टिंग आदि का इस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। फाइनल इस्टीमेट बनते ही रोड चौड़ीकरण का काम शुरू कराया जाएगा।