एनएच-58 पर चालक को बंधक बनाकर जंगल में फेंका
मोदीनगर/मुरादनगर। एनएच 58 पर रावली रोड के पास बुधवार रात तीन बदमाशों ने चालक को बंधक बनाकर इनोवा कार लूट ली। जाते वक्त बदमाश चालक को हाथ-पैर बांध पाइप लाइन पर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित ने बंधनमुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इनोवा में लगे जीपीआरएस के जरिए कार सोनीपत से बरामद कर ली है। तीन लुटेरों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। तीनों लुटेरे जानी मेरठ के रहने वाले हैं।
मेरठ गंगानगर में दिनेश की साईंबाबा के नाम से ट्रांसपोर्ट है। बुधवार शाम एक व्यक्ति ने दिल्ली एयरपोर्ट के लिए इनोवा कार बुक की। कार गंगानगर निवासी चालक रिंकू चला रहा था। रिंकू की माने तो व्यक्ति पहले कार आनंद हास्पिटल पर ले गया था। इसके बाद इनोवा बिजली बंबा बाईपास होते हुए मोदीनगर कोतवाली के सामने पहुंची। जहां व्यक्ति ने आमलेट खाया। करीब 20 मिनट तक रुकने के बाद कार मुरादनगर की ओर रवाना हुई। रावली रोड के सामने अचानक उक्त व्यक्ति ने बीमारी का बहाना कर कार रुकवाई। करीब 40 मिनट तक कार खड़ी रही, तभी दो बदमाश पैदल कार के पास पहुंचे और तमंचा चालक की कनपटी पर लगा दिया। बाद में चालक को कार में बंधक बनाकर लुटेरे पाइप लाइन के रास्ते जलालपुर रोड पर पहुंचे और हाथ पैर बांधकर चालक को पीर के पास फेंककर फरार हो गए। चालक ने बंधन मुक्त होकर पुलिस को सूचना दी। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने जीपीआरएस के जरिए कार को सोनीपत से बरामद कर लिया है। मामले में तीन आरोपी पुलिस हिरासत में हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है। तीनों लुटेरे मेरठ जानी क्षेत्र के गांव सतवाई के रहने वाले बताए गए हैं। सीओ रणविजय सिंह पूछताछ के बाद खुलासा करने की बात कह रहे हैं।
लिफ्ट लेकर लूटा
लोनी। स्टूडेंट्स बनकर टेंपो में लिफ्ट लेने वाले दो बदमाशों ने तमंचा तानकर चालक से नगदी लूट ली और पीछे बाइक पर आ रहे साथी के साथ भाग गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है। फर्रूखनगर निवासी राजकुमार के टेंपो पर भूपखेड़ी खेकड़ा निवासी शोविंद्र चालक है। राजकुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उन्होेंने चिरोडी मंडी में डीलर लोकेश से दुकानदारों के बिस्किट मंगाने के लिए शोविंद्र को 57 हजार रुपये देकर भेजा था। शोविंद्र जैसे ही टेंपो लेकर शक्लपुरा मोड़ पहुंचा तो स्कूल बैग लेकर दो युवकों ने उससे स्कूल जाने को लिफ्ट मांगी। शक्लपुरा गांव के पास बदमाशों ने तमंचा निकालकर शोविंद्र की कनपटी पर लगा दिया तथा उससे नगदी लूटकर पीछे बाइक से आ रहे अपने तीसरे साथी के साथ भाग गए। बंथला चौकी पर तहरीर दे दी है। पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा हैै।
पैर छूकर ताना तमंचा, टीटीई को लूटा
गाजियाबाद। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात टीटीई को दो बदमाशों ने प्रताप विहार में लूट लिया। स्कूटर सवार बदमाशों ने पहले टीटीई के पैर छुए और फिर तमंचा दिखाकर सोने की अंगूठी और तीन सौ रुपये लूटकर भाग गए। प्रताप विहार सेक्टर-12 एम 43 में रेलवे केटीटीई राकेश कुमार रहते हैं। राकेश नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर तैनात हैं। बृहस्पतिवार सुबह सात बजे गाजियाबाद स्टेशन से रिक्शे में घर लौट रहे थे। नगर निगम कार्यालय के पास स्कूटर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। एक ने स्कूटर से उतरकर उन्हें नमस्ते की, पैर छूकर हालचाल पूछा। राकेश ने कहा, पहचाना नहीं तो बदमाश ने तमंचा तान दिया और लूटकर भाग गया।
मैडम पैसों की जरूरत थी इसलिए छीना पर्स
वसुंधरा। सेक्टर-5 स्थित पत्रकार परिसर सोसायटी के बाहर बृहस्पतिवार रात एक महिला से बाइक सवार पर्स लूटकर भाग गए। पीड़ित महिला ने पर्स में रखे अपने मोबाइल पर रिंग किया तो बदमाशों ने फोन पर कहा कि सॉरी, मैडम! परेशान मत हो पैसे निकालकर आपका फोन व पर्स सोसाइटी के गेट पर फेंक देंगे। एक मीडिया संस्थान में प्रशासनिक अफसर जेपी मेनन पत्रकार परिसर में रहते हैं। रात करीब नौ बजे उनकी पत्नी जीजी मेनन पड़ोस की महिला के साथ बाजार से सामान लेकर लौट रही थीं। सोसाइटी के गेट से पहले ही बाइक सवार लुटेरों ने उनका पर्स लूट लिया। इस वारदात के बाद जैसे ही मेनन ने दूसरे नंबर से पर्स में मौजूद अपने फोन पर कॉल की तो फोन उठाने वाले ने पीड़िता से कहा कि सॉरी मैडम, हमें पैसों की जरूरत थी। इसीलिए पर्स लूटा है। पर्स व मोबाइल सोसाइटी के गेट के पास कुछ देर में फेंक देंगे। यह मालूम होने के बाद सोसाइटी के लोगों ने बदमाशों के इंतजार में सोसायटी के बाहर गश्त शुरू कर दी।
कार से बैग उड़ाया
गाजियाबाद। नंदग्राम के सामने मेरठ रोड पर एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर उसमें से बैग चोरी कर लिया गया। बैग में करीब साढ़े आठ हजार रुपये का कैमरा, चेकबुक और कुछ जरूरी कागजात थे। साहिबाबाद के लाजपतनगर में रहने वाले संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि उनका साइन बोर्ड बनाने का कारोबार है। वे मेरठ रोड पर नंदग्राम के पास अकोना इंजीनियरिंग वर्क्स शॉप में किसी काम से आए थे। उनकी वैगनआर कार बाहर खड़ी हुई थी। कुछ देर बाद वे वर्क्स शॉप से निकले तो कार की पिछली सीट वाला शीशा टूटा हुआ था, उसमें रखा बैग गायब था।
मसूरी में कैब लूटी
मसूरी। लिफ्ट लेकर बैठे तीन बदमाशों ने शीतल पेय कंपनी के स्टाफ को छोड़कर लौट रही कैब को एमजी रोड पर लूट लिया। लुटेरों ने चालक को पीट घायल कर दिया और यूपीएसआईडीसी पुलिस चौकी के पास चलती कार से फेंककर भाग गए। यूपीएसआईडीसी में कोका कोला फैक्ट्री की कैब पर मुंदर यादव चालक है। वह पूठी गांव का रहने वाला है। मंगलवार रात को वह फैक्ट्री के स्टाफ को दिल्ली गाजीपुर छोड़कर लौट रहा था। कैब खाली होने से उसने मसूरी से खिचरा के लिए तीन सवारियों को बैठा लिया था।