गाजियाबाद। चौपला मंदिर स्थित राधे लाल एंड संस ज्वेलरी शॉप में हुई 92 लाख की चोरी के विरोध में सर्राफा व्यापारियों ने आर पार की लड़ाई का ऐलान कर डाला। शुक्रवार को सर्राफा कारोबारियों ने व्यापार बंद रखा और धरना देकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर को सीओ प्रवीन रंजन व्यापारियों को समझाने पहुंचे तो व्यापारी उखड़ गए। उन्होंने चोरों को पकड़ने के लिए चार दिन का समय दिया। सीओ के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना खत्म करते हुए चेतावनी दी कि मंगलवार तक खुलासा नहीं हुआ तो बुधवारों को व्यापारी सड़कों पर उतरेंगे।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितिन ने बताया चोरियों से व्यापारी दहशत में हैं। पुलिस एकदम नाकारा बनी हुई है। एसएसपी ने दावा किया था कि चोर पकड़े जाएंगे मगर 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि चोर गैस सिलेंडर और कटर तक मौके पर छोड़ गए, इसके बावजूद पुलिस सुराग नहीं लगा पाई। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद नेे सीओ को चार दिन का समय देते हुए धरना खत्म कराया।
थानेदार ने खाई कसम... चोर मिले तो मार दूंगा
शुक्रवार को धरना समाप्त कराने पहुंचे एक थानेदार ने जोश में चोरों को एनकाउंटर मेें मार गिराने की कसम उठा ली। उनका कहना था कि अगर बदमाश मेरे हत्थे चढ़ते हैं तो मैं उन्हें एनकाउंटर में ढेर कर दूंगा। अधिकारी ने यह बात माइक पर जोर से चिल्लाकर कही। कारोबारियों के धरने के बाद अधिकारी शुक्रवार दोपहर उन्हें मनाने पहुंचे थे।