गाजियाबाद। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही मंगलवार को छठ पूजा संपन्न हो गई। सभी व्रतियों ने सूर्योदय के अर्घ्य के साथ परिवार, बच्चों की खुशहाली और लंबी उम्र की कामना की। उगते सूर्य देव की उपासना के लिए आधी रात से ही व्रती गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचने लगे थे। छठ माता की पूजा के बाद नदी के जल में खड़े होकर सूर्य भगवान के उदय होने का इंतजार करते रहे। सुबह 6.45 में सूर्योदय के बाद सभी व्रतियों ने अर्घ्य दिया। सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न हुआ। व्रतियों ने घर जाकर शर्बत और चाय के साथ व्रत का पारण कर सभी को प्रसाद बांटा।
10 बजे तक रहा रूट डायवर्जन
मंगलवार को भी सुबह चार बजे से 10 बजे तक रूट डायवर्जन रहा। हिंडन पुस्ता रोड पर वाहनों का आवागमन छह घंटे तक बंद रहा और हिंडन पुल पर भारी वाहनों के लिए नो एंट्री थी। छोटे वाहनों के लिए पुल खुला हुआ था पीएसी के जवान और ट्रैफिक पुलिस यातायात कंट्रोल करने के लिए तैनात रही।