गाजियाबाद। पूर्व कैबिनेट मंत्री रामवीर उपाध्याय ने कार्यकर्ता सम्मेलन में सपा और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। सपा की सरकार में गुंडाराज होने, जबकि भाजपा को धोखेबाज बताया। उपाध्याय ने कहा कि केंद्र में बगैर बसपा के सरकार नहीं बन सकती। जो चूक विधानसभा चुनाव में हुई हैं वह दोबारा नहीं होनी चाहिए। डोर टू डोर अभियान चलाकर बसपा की नीतियां लोगों तक पहुंचाओ। सम्मेलन में बसपा ने तीनों निष्कासित पार्षद कुलदीप, यामीन और कुमकुम चौधरी को वापस पार्टी में शामिल कर लिया।
घंटाघर रामलीला मैदान में रविवार को बसपा का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता और वेस्ट यूपी के बसपा नेताओं ने शिरकत की। राज्यसभा सांसद और वेस्ट यूपी प्रभारी मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा। बूथ स्तर पर समितियां बनाकर काम करने की नसीहत भी दी। इतना ही नहीं गाजियाबाद लोकसभा प्रत्याशी मुकुल उपाध्याय को जिताने की अपील की। सम्मेलन में कांग्रेसी नेता रवींद्र मावी और आशा सचदेव ने समर्थकों के साथ बसपा का दामन थाम लिया। इस मौके पर विधायक अमरपाल शर्मा, सुरेश बंसल, बहाव चौधरी, रामप्रसाद प्रधान, विनोद हरित, प्रेमचंद भारती, असलम चौधरी, मुकेश जाटव, गोरेलाल आदि मौजूद थे।