गाजियाबाद। भाजपा ने मिशन-2014 के लिए तैयारियों की शुरूआत रविवार को शहर में कार्यकर्ता संगम के जरिए की। पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह के साथ राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल ने कार्यकर्ताओं की भीड़ के बीच कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि महंगाई-भ्रष्टाचार के खिलाफ अब जनता भाजपा का साथ देने को तैयार बैठी है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यकर्ता संगम में राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने जब-जब केंद्र की सत्ता संभाली है तो हर बार भ्रष्टाचार के एक से बढ़कर एक मामले सामने आए हैं। बोफोर्स कांड, 2 जी स्पेक्ट्रम, शहीद सैनिक परिवारों के आवास, कॉमनवेल्थ, कोल आवंटन घोटाले इसके कुछ उदाहरण हैं। राजनाथ ने महंगाई के लिए केंद्र की गलत नीतियाें के साथ घोटाले और भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया। धारा-370, कश्मीर जैसे मामलों पर कांग्रेस सरकारों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में यदि भाजपा की सरकार बनी तो एफडीआई मामले की जांच कराई जाएगी।
राष्ट्रीय महामंत्री रामलाल ने कहा कि कांग्रेस का उदय विदेशी व्यक्ति ने किया था और आज भी पार्टी विदेशी प्रभाव में नजर आती है। जनसंघ और उसके बाद भाजपा का जन्म राष्ट्रवाद की भावना से हुआ था और पार्टी आज तक अपने सिद्धांतों पर कायम है। इस मौके पर राजनाथ और रामलाल ने जनसंघ कालीन पदाधिकारी रहे मेयर तेलूराम कांबोज, मोहन लाल रहेजा, पूर्व मेयर डीसी गर्ग, करतार सिंह बजाज, दरबारी लाल, इकराम छाबड़ा, जेसी गोस्वामी, ठाकुर मानसिंह चौहान, जगदीश शिशौदिया, हरबिलास गुप्ता, जेएन श्रीवास्तव के साथ पूर्व महानगर अध्यक्ष सुनील शर्मा और पूर्व जिलाध्यक्ष आशु वर्मा का सम्मान भी किया। संचालन मयंक गोयल ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही, भूपेंद्र सिंह, महानगर संयोजक सरदार एसपी सिंह, प्रकाश पाल, अतुल गर्ग, ब्रजपाल तेवतिया, अजय शर्मा, राजीव अग्रवाल, यतेंद्र नागर, राजेश त्यागी, रॉबिन तौमर रहे।