लोनी। छात्राओं के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर दो गांव के छात्रों में मारपीट हो गई। मंडोला के इंटर कॉलेज में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ के मामले को लेकर मंडोला और अगरौला गांव के छात्रों के गुट आमने सामने आ गए थे। आरोप है कि सोमवार सुबह दस बजे अगरौला गांव के करीब डेढ़ दर्जन छात्र सात बाइकों पर सवार होकर मंडोला पहुंचे तथा दो छात्रों के साथ मारपीट की। कुछ ही देर में गांव के सैकड़ों लोग एकत्र हो गए तथा हमलावरों को दबोचने का प्रयास किया। जिस पर हमलावर भाग निकले, लेकिन ग्रामीणों ने दो छात्रों को दबोचकर धुन दिया। पुलिस के पहुंचने पर झगड़ा कर रहे छात्र मौके से निकल गए। दोनों गुटों ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। वहीं, पुलिस समझौते का प्रयास कर रही है।
दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल
मोदीनगर। गोविंदपुरी निवासी चमनलाल और नरेश दो भाई हैं। नरेश परिवार और मां अंगूरी के साथ कादराबाद में रहता है। सोमवार सुबह मां अंगूरी देवी का देहांत हो गया था। सूचना पर चमनलाल दो पुत्रों अमित और रवि के साथ कादराबाद पहुंचा। जहां विवाद के चलते झगड़ा हो गया। जिसमें अमित, रवि, अनुराग घायल हो गए। दोनों पक्ष लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।