गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की पहली मेरिट लिस्ट के दाखिले सोमवार को भी शुरू नहीं हो सके। स्थिति यह है कि मेरिट लिस्ट में गड़बड़ियों के कारण प्रवेश प्रक्रिया पटरी से उतर गई है। महानगर के कॉलेजों में सोमवार को स्टूडेंट्स पूरी तैयारी के साथ पहुंचे, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लगी। दिन भर विद्यार्थी यही जानने का प्रयास करते रहे कि आखिर कब एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होगी।
वहीं, एमएमएच कालेज, में एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बुलाई गई समन्वय बैठक में कई आपत्तियां आने के कारण प्रवेश प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है। स्थिति यह है कि कुछ कालेजों ने जहां मेरिट अधूरी होने की शिकायत की है तो कुछ ने लॉगिन ओपन न होने के कारण कट ऑफ जारी न कर पाने का दुखड़ा सुनाया। फिलहाल कालेजों ने आपत्तियों की सूची विवि की टीम को सौंप दी है। इस पर फैसला मंगलवार को होने जा रही प्रवेश समिति की बैठक में होगा।
एमएमएच कालेज में आयोजित समन्वय बैठक में प्रवेश समिति के प्रतिनिधि डा. नंद कुमार और श्रीटान कंपनी की तीन सदस्यीय टीम प्रवेश की समस्याओं के समाधान के लिए पहुंची थी। इस बैठक में गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर के सभी डिग्री कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
एमएमएच कालेज के प्रवेश समिति के समन्वयक डा. एके जैन बताया कि बैठक में मेरिट की कई समस्याओं पर चर्चा हुई। एक सूची बनाकर डा. नंदकुमार को सौंप दी गई है। इसे प्रवेश समिति की बैठक में रखा जाएगा। फिलहाल मंगलवार तक प्रवेश नहीं लिए जाएंगे। राजकीय डिग्री कॉलेज नोएडा के प्राचार्य रमेश चंद्र ने मेरिट में वीसी के हस्ताक्षर न होने की बात उठाई तो कई कालेजों द्वारा मेरिट में 100 से ऊपर प्रतिशत वाले कैंडीडेट्स के आने की शिकायत की गई।