चार दिन कमरे में बंद रही भूखी प्यासी युवती
प्रेमी कि शिकायत पर पुलिस ने कराया मुक्त
मुरादनगर। जीना सिर्फ तेरे लिए... इस फिल्मी गीत को बहादरपुर गांव की एक युवती ने सच कर दिखाया। अपने प्यार पाने के लिए जान जोखिम में डालकर युवती ने खुद को घर में कैद कर लिया और चार दिन तक भूखी-प्यासी रही। सोमवार सुबह प्रेमी की सूचना पर पुलिस ने उसे मुक्त कराया। बाद में कोर्ट के आदेश पर युवती को प्रेमी के साथ भेज दिया गया।
एसओ शाहनजर अहमद के मुताबिक प्रेमी के लिए मौत को जूझने वाली युवती बहादरपुर की रहने वाली है। उम्र 23 वर्ष है। बीकॉम कर चुकी युवती एक वर्ष पूर्व दिल्ली के विनोदनगर निवासी युवक रविंद्र से मिली। युवक की बहन की शादी गांव निवासी युवती के ताऊ के बेटे से हुई है। रिश्तेदारी में आने-जाने के कारण दोनों के बीच प्यार हो गया। प्यार परवान चढ़ा तो इसकी भनक परिजनों को लग गई। युवती के परिजनों ने दोनों के मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी। परेशान युवती ने चार दिन पूर्व अपने मकान के एक कमरे में खुद को कैद कर लिया। परिजन लोकलाज के डर से शांत रहे और युवती चार दिनों तक कमरे में ही रही। इसकी खबर प्रेमी को लगी तो वह पुलिस के पास पहुंच गया। दोपहर 12 बजे पुलिस प्रेमी को लेकर गांव पहुंची। प्रेमी के आवाज लगाने पर युवती कमरे का दरवाजा खोला। एसओ ने बताया कि युवती को बालिग प्रमाण पत्र के साथ गाजियाबाद कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर युवती को प्रेमी के सुपुर्द कर दिया गया है।