एनआरएचएम घोटाला : कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
गाजियाबाद। एनआरएचएम घोटाले के आरोपी एसपी राम, विवेक जैन और सौरभ जैन को सोमवार सुबह सीबीआई विशेष कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई टीम डासना जेल में बंद यूपी के पूर्व डीजी हेल्थ एसपी राम और दवा कारोबारी सौरभ जैन को लेकर कोर्ट पहुंची। सौरभ के चचेेरे भाई विवेक जैन को सीबीआई ने पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया था। सोमवार को रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे दिल्ली हेडक्वार्टर से लाकर कोर्ट में पेश किया गया।
इसी मामले में अंतरिम जमानत पाए यूपीएसआईसी के एमडी अभय कुमार वाजपेयी तारीख होने केबावजूद कोर्ट में पेश नहीं हुए। उनके वकील की ओर से हाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र कोर्ट में लगाया गया। इसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया।
कोल्ड ड्रिंक पर तनातनी ः कोर्ट परिसर में ही सौरभ जैन को कोल्ड़ ड्रिंक पिलाने से जब पुलिसकर्मियों ने मना किया तो उसके रिश्तेदार पुलिस से ही भिड़ गए। इस बात को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में एसओ कविनगर सुधीर त्यागी ने मामले को शांत कराया।