बिल्हौर बार एसोसिएशन के बैनर तले मंगलवार को अधिवक्ताओं ने कोतवाली के बीबीपुर गांव में आठ अगस्त को उत्तम कुमार अग्निहोत्री के घर हुई आठ लाख की चोरी के मामले में उप जिलाधिकारी कार्यालय पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रभावी प्रदर्शन किया।
अधिवक्ताओं का कहना है कि चोरी की वारदात को तीन सप्ताह हो चुुके हैं, लेकिन पुलिस की जांच प्रक्रिया अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है।
बिल्हौर बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजीत सिंह की अगुवाई में वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल पांडे, बोधराज भदौरिया, अभिषेक पांडे, राजकुमार सिंह सहित दर्जनों वकीलों ने पुलिस विरोधी नारेबाजी करते हुए उप जिलाधिकारी कार्यालय पर हंगामा किया। साथ ही उप जिलाधिकारी से कोतवाली पुलिस पर अधिवक्ता के घर हुए चोरी के मामले की ढिलाई बरतने का आरोप लगाया।
पीड़ित अधिवक्ता उत्तम कुमार अग्रिहोत्री ने बताया कि पुलिस कोई संदिग्ध व्यक्तियों के नाम बताए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस उनसे पूछताछ नहीं कर रही है। अधिवक्ताओं ने जल्द खुलासा न होने की दशा में हड़ताल की भी धमकी दी।
एसडीएम आलोक कुमार ने इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकारी मुकेश प्रताप सिंह और बिल्हौर कोतवाली इंसपेक्टर अमरपाल सिंह से बात कर चोरी के मामले में प्रगति रिपोर्ट हासिल की।
एसडीएम ने पुलिस अधिकारियों को अधिवक्ता के घर हुई चोरी के जल्द से जल्द खुलासा किए जाने के आदेश दिए। वहीं सीओ ने भी फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्ते के द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की धरपकड़ करने के आदेश दिए हैं।
गैंगरेप घटना झूठी, किशोरी ट्रक परिचालक के साथ गई थी- बिल्हौर। बीते माह क्षेत्र की एक किशोरी ने तीन लोगों के विरुद्ध गैंग रेप का मामला दर्ज कराकर हलचल मचा दी थी, लेकिन डाक्टरी जांच में पीड़िता के साथ रेप की पुष्टि नहीं हुई थी।
इंसपेक्टर अमर पाल सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने वाली किशोरी बिना परिजनों के बताए सैबसू गांव के ट्रक परिचालक बड़े वउअन पुत्र इश्तियाक मोहमद के साथ गई थी। पुलिस ने सोमवार देर रात वउअन को गुप्त सूचना के बाद गांव से पकड़ लिया है।
पेशबंदी में किशोरी पक्ष के लोगों ने ग्राम प्रधान पति सहित दो अन्य लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि पकड़े गए युवक वउअन ने किशोरी को अपने साथ ले जाने और विवाद के बाद गांव छोड़ने का बयान दिया है। पूरे मामले पेशबंदी के तहत सनसनीखेज बनाया गया। आलाधिकारियों के निर्देश पर जल्द ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।