क्षेत्र कसिगवां ग्राम सभा के भवननिवादा गांव में हथियार बंद बदमाशों ने दो घरों में धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवर लूट लिया। शोर शराब सुनकर जागे ग्रामीणों में दहशत फैलाने के लिए डकैतों ने गांव में कई राउंड तमंचे से गोलियां भी दागी और पांडु नदी की ओर कटरी में फायर करते हुए भाग गए। खौफजदा ग्रामीणों ने आनन-फानन में घटना की जानकारी पर कंट्रोल रूम को दी।
भवन निवादा में सोमवार रात करीब 12 बजे गांव निवासी हरिनाथ पुत्र मेवालाल के घर पड़ोसी के खंडहर मकान से करीब आधा दर्जन हथियार बंद बदमाश आ घुसे। हरिनाथ सहित उनकी पत्नी शिवप्यारी व पुत्र अखिलेश को बदमाशों ने तमंचों के बल पर सोते हुए चारपाई पर ही बांध दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने बक्से का लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने की चेन, एक हार, चार सोने की चूड़ियां, दो अंगूठी और चांदी के पायल लूट लिए।
इसके बाद बदमाशों ने उसे नकदी की जानकारी देने को कहा, पर घर पर नकदी होने की जानकारी पर बदमाश मारपीट करते हुए निकल गए। हरिनाथ के घर में वारदात करने के बाद सभी बदमाश करीब 100 मीटर दूर स्थित अशोक पुत्र हीरालाल के घर पहुंचे। रात का समय होने से अशोक के दरवाजे पर ही दीपक को उक्त बदमाशों ने बुझा दिया। एकाएक दीपक बुझ जाने से अशोक की पत्नी बीना को लगा की सुबह हो गई है, बीना ने जैसे ही घर का मुख्य द्वार खोला तो तीन बदमाशों ने बीना का मुंह दबोच लिया, लेकिन बीना ने निडरता से बदमाशों का जवाब दिया, पर अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक बदमाश ने बीना पर कट्टे की बट से हमला दिया।
जिसके बाद बीना जोर-जोर से चिल्लाने लगी। चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण चौकन्ना हो गए। अशोक के घर बिना लूटपाट किए तमंचों से फायर करते हुए पांडु नदी की ओर भाग गए। आनन-फानन में दहशदजदा ग्रामीणों ने मामले की जानकारी कंट्रोल रूम को दी। सूचना के आधार पर रात करीब दो बजे थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। प्रभारी एसओ दिनेश कुमार पांडे ने बताया कि पीड़ित हरिनाथ के पुत्र अखिलेश की तहरीर पर बदमाशों विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। साथ ही ग्रामीणों में दहशत और भय को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।