घाटमपुर ग्राम पंचायत चुनाव के चौथे चरण के लिए कराए जा रहे नामांकन के पहले पहले दिन (शुक्रवार) को ग्राम प्रधान पद के लिए घाटमपुर ब्लाक में कुल 660 और पतारा विकास खंड में 344 लोगों ने नामांकन कराए।
जबकि, सदस्य पद के लिए घाटमपुर में 252 और पतारा में मात्र 83 लोगों ने ही पर्चे भरे। दोनों ही जगहों पर नामांकन कराने आए उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की भीड़ रही।
घाटमपुर विकास खंड में ग्राम प्रधान की 78 और सदस्य पद के लिए 1002 सीटों पर चुनाव होना है। पतारा विकास खंड की 50 ग्राम प्रधानों और 644 सदस्य पदों के लिए चुनाव कराया जाना है।
अंतिम चरण में होने वाले चुनाव के लिए दो दिन (शुक्रवार और शनिवार) को नामांकन कराया जा रहा है, जिसके चलते पहले दिन दोनों ब्लाकों में भीड़ रही।