मूसानगर (पुखरायां)।
थाना क्षेत्र के सनायसालवाहन गांव में शनिवार सुबह कार से दुर्गा मंदिर दर्शन करने जा रहे किसान की गांव के ही चार लोगों ने शराब के लिए पैसा न देने पर हत्या कर दी। कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। इस दौरान उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद से गांव मेें दोनों पक्षों में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दी गई है। मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। थाना इंचार्ज भीमसेन पोनियां ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कस्बे के ग्रामपंचायत लेवामऊ के मजरा सनायसालवाहन निवासी संजय सिंह उर्फ शैलेंद्र (38) शनिवार सुबह अपने भतीजे राज किशोर (45) की ह्युंडई आई-10 कार से दुर्गा मंदिर दर्शन करने को जा रहे थे। कार राजकिशोर ही चला रहा था।
मंदिर के पास अपने दरवाजे बैठे कुलदीप यादव, कपेंद्र यादव, उपेंद्र यादव व वीनू यादव ने कार रोकी। शराब के लिए रुपये मांगे। संजय के रुपये देने से इंकार करने पर चारों गालीगलौज करने लगे और अपने घरों से लाठी, डंडा, भाला व बरछी लेकर आ गए।
उन्होंने कार सवार दोनों लोगों पर हमला कर दिया। इससे शैलेंद्र व राजकिशोर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। वहीं हमलावरों ने कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। शोरगुल सुन ग्रामीणों की भीड़ जुटी तो आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजकिशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से गांव में दोनों पक्षों में तनाव है।
इधर, संजय की पत्नी सत्तो ने मूसानगर थाने में तहरीर दी है। इसके आधार पर हमले के चारों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल पर पहुंचे डीएसपी एमपी सिंह ने लोगों से पूछताछ की। मौके पर मिले रक्त रंजित लाठी व पत्थर कब्जे में ले लिए। बताया कि जातीय तनाव के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।