गोपीगंज। थानाक्षेत्र के तीन स्थानों पर रविवार को हुए सड़क हादसों में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
गोपीगंज ज्ञानपुर मार्ग के इब्राहिमपुर नहरा के पास कार के धक्के से बाइक सवार जयप्रकाश 23 वर्ष निवासी डभका ज्ञानपुर घायल हो गया। घायल अवस्था में सरकारी एंबुलेंस से उसे इलाज के लिए गोपीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
नगर के ज्ञानपुर रोड पर हुई दूसरी घटना में नाजिया बेगम 45 वर्ष पत्नी निसार अहमद अज्ञात वाहन के धक्के से घायल हो गई। घायलवस्था में उन्हें गोपीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। राजमार्ग पर छतमी गांव स्थित एक ढाबे के पास हुई घटना में अमन कुमार 23 वर्ष पुत्र राम सिंह प्रधान थाना महेश नगर अंबाला, हरियाणा घायल हो गए। गंभीर रुप से घायल युवक को घायल अवस्था में गोपीगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।