लूट का शिकार किसान उपेंद्र उर्फ श्रवण कुमार।
- फोटो : amarujala
घाटमपुर क्षेत्र के रामसारी चीनी मिल पर बाइक सवार बदमाशों ने किसान और उसके साथी को नशीला पदार्थ सुंघाकर 62 हजार रुपये लूट लिए। बता दें कि किसान क्रेडिट कार्ड के खाते में पैसा जमा करने बैंक जा रहा था।
थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने घटना को संदिग्ध करार देते हुए बताया कि मामले के खुलासे के प्रयास किए जा रहे हैं। देवरा गांव निवासी उपेंद्र उर्फ श्रवण कुमार पाल ने बताया कि बैंक आफ बड़ौदा शाखा, जहांगीराबाद में किसान क्रेडिट कार्ड का खाता है।
बैंक में लोन का पैसा जमा करने बुधवार की दोपहर 62 हजार रुपये लेकर बाइक से जा रहा था। साथ ही में परिवार का ही रामऔतार भी था। चीनी मिल रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास दो बाइकों पर सवार चार युवक आकर उनकी बाइक को रोक लिया।
इसी बीच एक युवक ने रुमाल निकालकर दोनों के मुंह के आगे लहरा दिया, जिससे बेहोशी छा गई। बेहोशी छाते ही बदमाश 62 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूटकर भाग गए। काफी देर बाद उपेंद्र और साथी को होश आया तो सूचना घरवालों को दी। परिजन उसे लेकर पतारा चौकी पहुंचे और घटना सुनाई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि उपेंद्र और उसके साथी को लेकर बदमाशों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। उन्होंने जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने की बात कही है।