गरीबी से जूझ रही रिश्ते की साली को दो लोगों ने उसकी जवान बेटी का अच्छा रिश्ता तय कराने का झांसा दिया। युवती को घर में रखकर गैंगरेप किया। लंबे समय तक यौनशोषण के बाद दिल्ली के एक युवक से शादी कराई और जुबान बंद रखने की धमकी देते हुए विदा कर दिया।
ससुराल पहुंची दुल्हन को गुमसुम देख सास ने टोका तो वह फफक पड़ी। उसकी दर्द भरी दास्तान सुन सास ने दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया। दिल्ली पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ सआदतगंज समर बहादुर यादव ने बताया कि मुकेश श्रीवास्तव ने बहराइच में रहने वाली अपनी रिश्ते की साली को गरीबी से जूझते देख उसकी बेटी की शादी का जिम्मा उठाने का झांसा दिया और चार महीने पहले युवती को अपने साथ ले आया।
अच्छे लड़के की तलाश की बात कहते हुए छेड़खानी शुरू की। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्तेदार की मदद से युवती को धमकाते हुए दुष्कर्म कर डाला।
इसके बाद यह सिलसिला रोजाना चलने लगा। मौसा व उसके साथी की दरिंदगी का शिकार युवती गरीबी को कोसते हुए घुटती रही।
लंबे समय तक मनमानी के बाद दोनों ने नई दिल्ली के कापसहेड़ा थाना क्षेत्र के एक युवक से फरवरी के तीसरे हफ्ते में युवती की शादी करा दी।
अरसे से दरिंदगी झेल रही युवती ससुराल पहुंचने के बावजूद खुद को सामान्य नहीं कर पा रही थी। पूरे मामले की जानकारी पर सास ने 25 फरवरी को पुलिस कंट्रोल रूम फोन कर दिया।
कापसहेड़ा थाने की टीम ने मुकेश व कृष्णकुमार के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर युवती का डॉक्टरी मुआयना कराया और तफ्तीश की फाइल लखनऊ भेज दी। इस पर 28 अप्रैल को सआदतगंज पुलिस ने तहकीकात शुरू की।
युवती को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर कलमबंद बयान कराया और दोनों आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।