गैंग रेप की एक और घटना ने जिले को शर्मसार कर दिया।
पांच दबंगों ने मिलकर पहले एक महिला के बच्चों को अगवा कर लिया और इसके बाद बच्चों को छुड़ाने गई महिला से गैंगरेप कर डाला।
पीड़ित महिला को दबंगों ने किसी से भी इस घटना का जिक्र करने अथवा शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दे डाली।
बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़ित महिला ने पति को आपबीती सुनाई। इस पर रिक्शा चालक उसका पति और पीड़ित कोतवाली पहुंचे और पड़ोस में रहने वाले इमरान के खिलाफ नामजद और उसके चार अन्य अज्ञात दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
बुधवार देर शाम हुई इस शर्मनाक घटना में मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने इमरान के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक चार अन्य आरोपी फरार बताए गए।
नगर कोतवाल केएन मिश्रा का कहना था कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर उसकी मेडिकल जांच करा ली गई है। फरार आरोपियों की धरपकड़ को दबिश दी जा रही है।