आगरा में ताजमहल देखने के लिए एंट्री फी चुकानी होती है लेकिन आज आप बिना पैसा चुकाए अंदर जाकर इसका दीदार कर सकते हैं। मुगल बादशाह शाहजहां और उनकी बेगम मुमताज की असली कब्र को देखने का यह अच्छा मौका है।
शुक्रवार को पूरे दिन ताजमहल में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। पहली बार शुक्रवार को ताजमहल पूरे दिन खोला जा रहा है।
ताजमहल में आने वाले पर्यटक अमूमन शाहजहां और मुमताज की असली कब्रों के डुप्लीकेट्स ही देख पाते हैं। दोनों की असली कब्र इन डुप्लीकेट्स के ठीक नीचे हैं।
पर्यटकों के देखने के लिए शाहजहां के उर्स के मौके पर इन असली कब्रों को खोला गया है।
आज होगी चादरपोशी
शाहजहां के उर्स का समापन चादरपोशी और लंगर के साथ होगा। खुद्दाम ए रोजा कमेटी के प्रेसीडेंट ने बताया मजार पर 675 मीटर लंबी हिंदुस्तानी सतरंगी चादर चढ़ाई जाएगी।
चादर को हिंदू, मुस्लिम समेत अन्य धर्मों के लोग मिलकर चढ़ाते हैं। वहीं शाही मस्जिद फतेहपुरी की ओर से 358 फीट लंबी मोहब्बती चादर चढ़ाई जाएगी। इस मौके पर जुल्फिकार, सज्जाद हैदर, कासिम खान, मोहम्मद अमीन मौजूद रहे।
गुरुवार को अदा की गई संदल की रस्म
शाहजहां के 358वें उर्स के दूसरे दिन गुरुवार को संदल की रस्म अदा की गई। गुलपोशी के बाद दुआ पढ़ी गई। शाहजहां-मुमताज महल की असली मजारों के गेट खुलते ही अकीदतमंदों की कतारें लग गईं। भीषण गर्मी भी उनके उत्साह को कम नहीं कर सकी।
जारी रहा कव्वालियों का दौर
ताजमहल के मुख्य मकबरे पर कव्वालियों का दौर जारी रहा। रॉयल गेट पर शहनाई और तबला वादन चलता रहा। मुगल वंशज प्रिंस मोहम्मद याकूब तूसी दोपहर तीन बजे ताजमहल पहुंचे। उन्होंने शाहजहां की मजार पर दुआ पढ़ी।