उत्तर प्रदेश में मुंबई जा रही एक प्राइवेट बस शनिवार तड़के करीब ढाई बजे बस्ती-लखनऊ मार्ग पर हर्रैया क्षेत्र के संसारीपुर में एक ढाबे के सामने खडे़ ट्रक से टकरा गई।
हादसे में बस सवार 13 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत हो गई। मरने वालों में संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के पांच-पांच और तीन बस्ती के लोग हैं।
एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। हादसे में घायल 22 लोगों में पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों की मानें तो तेज गति और बस चालक को झपकी आने की वजह हादसा हुआ। मामले में डीएम अनिल कुमार तमेले ने मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है।
शुक्रवार रात करीब 12 बजे संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर और बस्ती से करीब 50 यात्रियों को लेकर बस मुंबई को रवाना हुई। बताया जाता है कि बस की रफ्तार काफी अधिक थी। घटना के समय बस में सवार ज्यादातर यात्री सोए हुए थे।
कमिश्नर सुशील कुमार ने बताया कि बस में ज्यादातर यात्री मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। लाशों का पीएम कराकर उन्हें परिवार वालों को सौंप दिया गया है। इसके साथ ही मृत और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता मुहैया कराई जाएगी।