नामी कंपनियां भी लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने में पीछे नहीं हैं। ऐसा ही एक मामला रविवार को सामने आया।
जब एक ब्रांडेड ब्रेड के पैकेट में मक्खी पाई गई।
गोमतीनगर मंत्री आवास में रहने वाले सिंघल ने बताया कि उन्होंने रविवार को नेहरू एन्क्लेव के पास स्थित दिनेश जनरल स्टोर से ब्रेड का पैकेट खरीदा था।
घर पहुंचकर देखा तो उसमें मरी हुई मक्खी मिली।
अनसुनी कर दी शिकायत
जब उन्होंने इस बारे में ब्रेड निर्माता कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की तो बहुत देर तक उन्हें समझाया जाता रहा। किसी ने भी उनकी जिम्मेदार अधिकारी से बात नहीं कराई।
इस दौरान कंपनी के कर्मचारी खरीदार को पैकेट वापस कर दूसरा लेने के लिए ही समझाते रहे।
होगी सख्त कार्रवाई
प्रदेश के लोकायुक्त कार्यालय के अनुसचिव एके सिंघल ने सोमवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) से लिखित शिकायत कर जांच के लिए ब्रेड पैकेट सौंपने की बात कही है।
उधर, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच व कार्रवाई की जाएगी।