दिल्ली में दरिंदगी को लेकर पूरे देश में आक्रोश की आग भड़क रही है। संगम नगरी में भी युवतियां, महिलाएं सड़क पर उतर आंदोलन कर रही हैं, लेकिन इसी बीच बुधवार को एक छात्रा से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आ गया। सीएम के दौरे को लेकर पुलिस लाइन से संगम के बीच फोर्स मुस्तैद रही और शहर के दूसरे हिस्से में बेखौफ बदमाशों ने नाबालिग छात्रा को पीटकर सामूहिक बलात्कार किया।
पहले प्रेमी ने ही छात्रा से रेप किया, फिर पांच युवक और पहुंच गए। युवकों ने प्रेमी की जमकर पिटाई की। उनमें से दो युवकों ने भी बलात्कार किया। हैवानियत के कारण छात्रा के शरीर से ज्यादा खून बहने लगा तो युवक उसे छोड़ भाग गए। शर्मसार छात्रा खुदकुशी को चौफटका पहुंच गई, जहां पुलिसवालों पर उसकी निगाह पड़ी और उसे थाने ले जाया गया। गैंगरेप का मामला सामने आने पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में टीमें छापामारी कर रही हैं।
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया इलाके की रहने वाली दलित छात्रा चौदह वर्षीय अंजली (बदला हुआ नाम) बुधवार की दोपहर करीब बारह बजे घर से निकली। अंजली को राजरूपपुर की रहने वाली सहेली से मिलना था। चकिया के रहने वाले आरिफ पुत्र अनीस से अंजली के प्रेम संबंध थे। आरिफ अंजली को सहेली के घर ले जाने के बहाने सूबेदारगंज ले गया और झाड़ियों में ले जाकर अंजली की आबरू लूटी। रेप के दौरान ही पांच युवक वहां पहुंच गए। युवकों ने आरिफ की पिटाई शुरू कर दी।
अंजली चीखने लगी तो उसके मुंह पर मफलर बांध दिया गया। इसके बाद तीन युवक आरिफ को पीटते हुए वहां से खींच ले गए। जबकि उनके दो साथियों पर हैवानियत सवार हो गई। दोनों अंजली को रेलवे लाइन के पास जंगल में खींच ले गए। दो बदमाशों ने अंजली को पीटने के बाद बलात्कार किया। उसके साथ ज्यादा जबरदस्ती से अंजली के शरीर से ज्यादा खून बहने लगा। उसकी हालत देख दोनों युवक वहां से निकल भागे।
इधर उनके साथी तीन युवकों ने आरिफ को सूबेदारगंज स्थित आरपीएफ चौकी के हवाले कर दिया। गैंगरेप के बाद बदहाल छात्रा बिलखती हुई चौफटका पुल के पास पहुंची। वह खुदकुशी करना चाहती थी तभी कुछ लोगों की निगाह पड़ गई और उसे पुलिस केहवाले कर दिया। छात्रा को खुल्दाबाद थाने लाकर पूछताछ की गई। फोर्स तुरंत हरकत में आई और आरपीएफ थाने से आरिफ को ले आया गया। गैंगरेप की खबर पाकर पुलिस अधिकारी खुल्दाबाद पहुंच गए। सीओ समर बहादुर ने छात्रा और आरिफ का बयान दर्ज किया। देर रात तक इंस्पेक्टर अमर सिंह, इंस्पेक्टर राजवीर सिंह और एसओजी छापामारी करती रही।
'छात्रा संग बलात्कार करने वाले आरिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो और युवकों ने रेप किया था, उनकी तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। शेष आरोपियों की तलाश में कई टीमें छापामारी कर रही हैं।'
- मोहित अग्रवाल, एसएसपी