फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कोटला रोड स्थित किशन नगर गली के सामने एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर से मोबाइल चोरी कर भागे युवक को स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान कर पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी को मंडी परिषद क्षेत्र से दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच में जुटी है।
मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर में हुई चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना की जानकारी होने पर दुकान संचालक ने फुटेज खंगाली, जिसमें एक युवक मोबाइल चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर मोबाइल स्वामी और स्थानीय लोगों ने आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद मंडी परिषद क्षेत्र में संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे लोगों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे तत्काल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। संवाद