फिरोजाबाद। गांव बैंदी के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि साथी बाल-बाल बच गया। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला मिर्जा छोटा निवासी सनी (20) अपने साथी शैलेश के साथ बृहस्पतिवार की देर शाम बाइक द्वारा किसी कार्य से टूंडला जा रहा था। बाइक सवार दोनों लोग थाना उत्तर क्षेत्र के गांव बैंदी के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सनी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शैलेंद्र बाल-बाल बच गया। हादसा होते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर सनी के परिजन और थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। चाचा प्रेमचंद्र ने बताया कि सनी दो भाई हैं। बड़े भाई संजय का विवाह हो चुका है। सनी अविवाहित था और चूड़ी जुड़ाई का काम करता था। बाइक सनी की थी और वह ही चला रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है। परिजन की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।