शिकोहाबाद। घर के बाहर खड़े बिजली के पोल में करंट आने से युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी होते ही परिवार में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पीड़ित युवक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
आगरा के थाना बासौनी क्षेत्र के गांव हरलालपुरा निवासी अरविंद सिंह तोमर नगर के मोहल्ला नगला हीरा नगर में स्वर्गीय बालकिशन के मकान में किराए पर रहते हैं। वह रेलवे स्टेशन पर वेंडर हैं। मंगलवार सुबह किसी काम से बाहर गए थे।
रास्ते में लगे पोल की चपेट में आने से करंट लग गया। इससे वह अचेत हो गया। गंभीर हालत में मोहल्ले के लोग उसको लेकर अस्पताल लाए। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी किरन देवी ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।