उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पड़ोसियों की मारपीट एवं जेल भिजवाने की धमकी से परेशान युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। वह इकलौता बेटा था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पिता ने अपने इकलौते बेटे की आत्महत्या के मामले में छह नामजद एवं एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
विज्ञापन
मामला नगला खंगर थाना क्षेत्र के नगला धनपाल गांव का है। गांव निवासी मुन्ना सिंह ने बताया कि उसके पड़ोसी राम औतार, कुलदीप, उमराय उर्फ कल्लू, राधे, अंकुश, अतुल एवं एक अन्य व्यक्ति ने एक वर्ष पूर्व उसके बेटे हरेन्द्र के साथ मारपीट की थी। इस पर उसने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों ने कोर्ट के द्वारा पीड़ित के बेटे के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया।
15 सितंबर की रात आरोपियों ने हरेंद्र को जेल भिजवाने की धमकी दी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया। उसने खुद को ट्यूबवेल की कोठरी में बंद कर लिया। वहीं फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी पीड़ित पिता को अगले दिन सुबह हुई। पीड़ित ने उक्त लोगों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस घटना से परिवार में मातम छाया हुआ है।