फिरोजाबाद के टूंडला नगर के गांधीपुरम इलाके में शनिवार सुबह फिल्म शोले के वीरू की तर्ज पर एक युवक सुसाइड की धमकी देते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गया। प्रेमिका की दूसरी जगह तय हुई शादी से नाराज युवक करीब पांच घंटे तक टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठा रहा। अंत में पुलिस की मौजूदगी में प्रेमिका से फोन पर बात होने के बाद ही वह नीचे उतरा।
थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद निवासी अंकित (20) शनिवार सुबह चोरी-छिपे गांधीपुरम स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सुबह करीब 7 बजे जब उसने ऊपर से चिल्लाना शुरू किया, तब मोहल्ले वालों को इसकी भनक लगी। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाउडस्पीकर से उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी प्रेमिका से बात कराने और उसकी शादी रुकवाने की जिद पर अड़ा रहा।