सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि टूंडला के उलाऊ स्थित हिरनगांव निवासी सचिन कुमार की शिकायत मिली। इनका आरोप है कि चार माह की गर्भवती पत्नी प्रिया यादव को 15 अप्रैल को ट्रांस यमुना फेज-2 स्थित उत्तम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। गर्भपात की बात कहकर 50 हजार रुपये जमा कराए। स्त्री रोग विशेषज्ञ के नाम पर 12 हजार रुपये अलग लिए। 16 अप्रैल को नर्स ने ऑपरेशन कर दिया।
कुछ देर बाद स्टाफ ने खून की जरूरत बताई। इसका इंतजाम करने गए, इसी बीच बिना बताए पत्नी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की। शिकायत पर एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार से जांच कराई तो उत्तम हॉस्पिटल अंपजीकृत मिला। चिकित्सकीय सेवाएं बंद करा दी हैं। थाना एत्माउदौला प्रभारी को संचालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। जल्द ही तथ्य मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।