फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र के गांव अंते की मड़ैया में शुक्रवार देर रात एक 23 वर्षीय युवक का शव घर के पास पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी मच गई। मृतक की पहचान वीरू (23) निवासी अंते की मड़ैया के रूप में हुई है।
पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नीचे उतरवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की शादी महज पांच माह पूर्व ही हुई थी। घटना के बाद से मृतक की पत्नी और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है, हालांकि युवक द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के कारणों पर परिजन चुप्पी साधे हुए हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने बताया कि युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या की है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। संवाद