परिजन की उम्मीदों और पढ़ाई के बोझ के कारण युवक मानसिक तनाव में था। शनिवार को वह चुपचाप घर से निकला और स्टेशन रोड स्थित नहर पर पहुंचकर पानी में छलांग लगा दी। इससे माैके पर चीखपुकार मच गई।
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में पढ़ाई के तनाव और भविष्य की चिंता में एक युवक ने शनिवार को मौत को गले लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सजगता ने एक घर का चिराग बुझने से बचा लिया। स्टेशन रोड स्थित नहर में कूदे युवक को हेड कांस्टेबल ने स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वह 12वीं पास कर चुका था।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार मटसेना थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर निवासी वीरेंद्र सिंह (20) का पिछले कुछ समय से पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था। इससे परिजन उससे नाराज थे। परिजन की उम्मीदों और पढ़ाई के बोझ के कारण वह मानसिक तनाव में था। शनिवार को वह चुपचाप घर से निकला और स्टेशन रोड स्थित नहर पर पहुंचकर पानी में छलांग लगा दी।
युवक को नहर में कूदता देख वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल रामकिशोर सिंह ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों के सहयोग और पुलिस की तत्परता से वीरेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिस युवक को माधोगंज चौकी ले गई, जहां उसे खाना खिलाकर सामान्य किया गया। सूचना पाकर पहुंचे परिजन को इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने हिदायत दी कि बच्चों पर पढ़ाई का अतिरिक्त दबाव न बनाएं। पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। परिजन ने पुलिस की इस तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया है।