उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत हो गई है। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बताया गया कि युवक सिरसागंज से अपने गांव लौट रहा था।
विज्ञापन
मामला अरांव थाना क्षेत्र के ग्राम नगला ग्वालियर का है। गांव निवासी ब्रजेश कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई अनिल कुमार सोमवार की रात करीब 8 बजे अरांव रोड पर नाथू कोल्ड स्टोर के पास घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर चालक अनियंत्रित हो गया। उसने सड़क किनारे खड़े अनिल को अपनी चपेट में ले लिया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने घायल अनिल को इलाज के लिए एंबुलेंस से अस्पताल भेजा, लेकिन उपचार के दौरान अनिल की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। वहीं घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। थाना पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।