नारखी (फिरोजाबाद)। मारपीट के मामले में जांच को नगला रामकुंवर पहुंची नारखी पुलिस के साथ एक युवक ने अभद्रता करते हुए पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव नगला रामकुंवर निवासी टिल्लू उर्फ नरेश के खिलाफ गांव के ही संजय कुमार ने अभद्रता और पिटाई करने की तहरीर पुलिस को दी थी। सोमवार को गौंछ का बाग पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही संदीप कुमार मामले की जांच करने के लिए गांव नगला रामकुंवर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करती तब तक आरोपी टिल्लू उर्फ नरेश ने अपने भाई के साथ सिपाही की पिटाई कर दी। सूचना पर थाने से फोर्स भी पहुंच गया। पुलिस को देख आरोपी नरेश भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़कर थाने ले आई। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष नारखी केके तिवारी का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसको जेल भेज दिया गया है। आरोपी के भाई की गिरफ्तारी को प्रयास किए जा रहे है।
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
फिरोजाबाद। रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। कोतवाल दक्षिण सुशांत गोर का कहना है कि मृतक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन के समीप हुई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। उसकी पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे है।